अल्मोड़ा में भ्रष्टाचार पर बड़ी कार्रवाई, 15 हजार रिश्वत लेते लेखाकार गिरफ्तार
देहरादून/अल्मोड़ा: सतर्कता अधिष्ठान की ट्रैप टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अल्मोड़ा जनपद के विकास खंड लमगड़ा में तैनात एक लेखाकार को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ब्लॉक कार्यालय लमगड़ा में नियुक्त लेखाकार हर सिंह बिष्ट उर्फ हरीश सिंह बिष्ट द्वारा शिकायतकर्ता से शौचालय निर्माण कार्य के स्वीकृत 3 लाख रुपये के टेंडर की एफडीआर रिलीज कराने के एवज में धनराशि की मांग की जा रही थी।
सतर्कता अधिष्ठान हल्द्वानी की टीम ने नियमानुसार ट्रैप कार्रवाई करते हुए 08 अप्रैल 2026 को अभियुक्त को 15,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए ब्लॉक कार्यालय लमगड़ा से रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी हर सिंह बिष्ट उर्फ हरीश सिंह बिष्ट, पुत्र बहादुर सिंह बिष्ट, वर्तमान में लेखाकार, विकास खंड लमगड़ा के पद पर तैनात है। वह बांसमीड़ा मोहल्ला, नंदा देवी मंदिर के पास, चीनाखान, अल्मोड़ा का निवासी है।
सतर्कता टीम द्वारा मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

