राष्ट्रीय प्रतिरक्षण दिवस पर डीएम सख्त, पोलियो खुराक से कोई बच्चा न छूटे, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

राष्ट्रीय प्रतिरक्षण दिवस पर डीएम सख्त, पोलियो खुराक से कोई बच्चा न छूटे, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
Spread the love

देहरादून। राष्ट्रीय प्रतिरक्षण दिवस-2026 के सफल आयोजन और शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति को लेकर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि जनपद में 0 से 5 वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की जीवनरक्षक खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पोलियो उन्मूलन अभियान राष्ट्रीय महत्व का कार्यक्रम है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

गुरुवार को ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट में आयोजित जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने अभियान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को सभी बूथों, ट्रांजिट एवं मोबाइल टीमों की व्यवस्थाएं समय से पूरी करने तथा वैक्सीन, दवाइयों, वैक्सीन कैरियर और अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही संवेदनशील, दुर्गम और प्रवासी आबादी वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने को कहा।

बैठक में बताया गया कि 28 जून को जनपद में कुल 1505 बूथों के माध्यम से बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इनमें 1399 स्थिर बूथ, 82 ट्रांजिट बूथ और 24 मोबाइल बूथ शामिल हैं। इसके बाद 29 जून से 4 जुलाई तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी। अभियान के लिए 1498 टीमें और 444 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं।

जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग को विद्यालयों के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने तथा महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के जरिए घर-घर संपर्क कर अभिभावकों को जागरूक करने के निर्देश दिए। वहीं पंचायती राज विभाग को ग्रामीण क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों के सहयोग से प्रचार-प्रसार बढ़ाने और पुलिस विभाग को ट्रांजिट बूथों पर सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा गया।

डॉ. आशीष चौहान ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी क्षेत्र में कोई पात्र बच्चा पोलियो खुराक या टीकाकरण से वंचित पाया जाता है तो संबंधित अधिकारी और कार्मिक की जिम्मेदारी तय कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों से समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करते हुए अभियान को पूर्ण सफलता दिलाने का आह्वान किया।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शर्मा, मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद ढौंडियाल, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. दिनेश चौहान, जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles