देहरादून से आतंकी गतिविधियों में संलिप्त युवक गिरफ्तार, पाकिस्तानी हैंडलर से जुड़े थे तार

देहरादून से आतंकी गतिविधियों में संलिप्त युवक गिरफ्तार, पाकिस्तानी हैंडलर से जुड़े थे तार
Spread the love

देहरादून। उत्तराखण्ड एसटीएफ ने ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र से आतंकी गतिविधियों में संलिप्त एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त के तार पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन से जुड़े पाए गए हैं, जो उसे सोशल मीडिया के माध्यम से निर्देश दे रहा था।

एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में विक्रान्त कश्यप (29 वर्ष), निवासी झाझरा, प्रेमनगर को देर रात गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध .32 बोर पिस्टल, 7 जिंदा कारतूस, स्प्रे पेंट कैन और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के माध्यम से पाकिस्तान में बैठे आतंकी शहजाद भट्टी और उसके सहयोगी राणा के संपर्क में था।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसे देहरादून के महत्वपूर्ण सरकारी और सैन्य संस्थानों की लोकेशन व वीडियो फुटेज पाकिस्तान भेजने के निर्देश दिए गए थे। इसके अलावा उसे आईएसबीटी, पुलिस मुख्यालय समेत अन्य संवेदनशील स्थानों को निशाना बनाने और वहां “तहरीक-ए-तालिबान-हिन्दुस्तान (TTH)” का नाम लिखकर दहशत फैलाने का टास्क दिया गया था।

आरोपी ने बताया कि उसने सेलाकुई, झाझरा और अन्य स्थानों पर स्प्रे पेंट से “TTH” लिखकर उसकी वीडियो बनाकर पाकिस्तान भेजी। साथ ही पुलिस चौकी झाझरा की लोकेशन और फुटेज भी साझा की गई थी। उसे दिल्ली में एक संगठन के कार्यकर्ताओं और सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता पर हमले का भी टास्क दिया गया था।

एसटीएफ के अनुसार, आरोपी को इन गतिविधियों के बदले नेपाल के रास्ते दुबई भेजकर बसाने और मोटी रकम देने का लालच दिया गया था। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले पंजाब के नाभा में काम कर चुका है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना प्रेमनगर में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। उसके मोबाइल से मिली जानकारियों के आधार पर अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।

एसटीएफ टीम में निरीक्षक अबुल कलाम, निरीक्षक एन.के. भट्ट, निरीक्षक यादविन्दर बाजवा, उपनिरीक्षक विद्यादत्त जोशी, हेड कांस्टेबल संजय, हेड कांस्टेबल देवेन्द्र ममगाई, हेड कांस्टेबल महेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल वृजेन्द्र चौहान, हेड कांस्टेबल अर्जुन सिंह, कांस्टेबल मोहन असवाल, कांस्टेबल कादर एवं कांस्टेबल अनिल शामिल रहे। वहीं थाना प्रेमनगर पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अमित शर्मा और हेड कांस्टेबल नरेन्द्र कुमार ने भी अहम योगदान दिया।

देवभूमि खबर

Related articles