राजीव भवन से कांग्रेस का केंद्र पर हमला, गणेश गोदियाल ने पीएम से मांगे 10 सवालों के जवाब

राजीव भवन से कांग्रेस का केंद्र पर हमला, गणेश गोदियाल ने पीएम से मांगे 10 सवालों के जवाब
Spread the love

देहरादून । दून स्थित राजीव भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में गणेश गोदियाल ने राज्य के ज्वलंत मुद्दों को उठाते हुए नरेंद्र मोदी से दस बिंदुओं पर सीधे जवाब मांगे। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड जैसे गंभीर मामले में कई सवाल अब भी अनुत्तरित हैं। पुष्कर सिंह धामी द्वारा सीबीआई जांच की घोषणा के बावजूद अब तक स्थिति स्पष्ट नहीं होना चिंता का विषय है।

गोदियाल ने राज्य में बढ़ते मानव-वन्यजीव संघर्ष पर भी चिंता जताई और कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों के लोग लगातार खतरे में जी रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के 2017 के उस बयान का जिक्र करते हुए पूछा कि युवाओं के लिए ठोस योजनाएं क्यों नहीं दिख रहीं, जबकि नशाखोरी और बेरोजगारी बढ़ रही है।

भर्ती घोटालों और पेपर लीक मामलों को लेकर उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तराखंड की छवि प्रभावित हो रही है। वहीं उपनल कर्मचारियों के नियमितीकरण पर सरकार के रवैये को भी सवालों के घेरे में रखा।

शिक्षा के क्षेत्र में 886 स्कूल बंद होने को उन्होंने गंभीर बताया, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में नई शराब की दुकानों के खुलने पर भी सवाल उठाए। कानून व्यवस्था पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि एनसीआरबी के आंकड़ों के अनुसार राज्य में महिला अपराध बढ़े हैं और आमजन की सुरक्षा पर प्रश्नचिन्ह खड़ा हो गया है।

घरेलू गैस की कालाबाजारी और बढ़ती कीमतों पर भी चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान पर्यटन व्यवसाय को प्रभावित होने से बचाने के लिए पर्याप्त गैस आपूर्ति जरूरी है।

अंत में गोदियाल ने कहा कि वे केवल जनता की आवाज प्रधानमंत्री तक पहुंचा रहे हैं और कांग्रेस पार्टी मुख्य विपक्षी दल के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रही है। प्रेस वार्ता का संचालन गरिमा मेहरा दसौनी ने किया, जिसमें ज्योति रौतेला, कर्नल राम रतन नेगी, राजेश चमोली और अभिनव थापर सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles