देहरादून में राष्ट्रीय टेबल टेनिस चैंपियनशिप का आगाज, मुख्यमंत्री धामी ने किया शुभारंभ
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परेड ग्राउंड स्थित बहुउद्देशीय क्रीड़ा हॉल में 87वीं इंटर स्टेट जूनियर एवं यूथ नेशनल टेबल टेनिस चैंपियनशिप का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वयं टेबल टेनिस खेलकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन भी किया।
मुख्यमंत्री ने देशभर से आए खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड के लिए यह गर्व की बात है कि राज्य को पहली बार इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है। उन्होंने Table Tennis Federation of India का आभार व्यक्त करते हुए सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त आधार है। खेलों से अनुशासन, धैर्य, टीम भावना और लक्ष्य के प्रति समर्पण जैसे गुण विकसित होते हैं, जो युवाओं को जीवन में सफलता की ओर अग्रसर करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे देश के उज्ज्वल भविष्य का प्रतिनिधित्व करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि टेबल टेनिस जैसे खेल में गति, संतुलन, तकनीक और मानसिक दृढ़ता का समन्वय आवश्यक होता है, जो खिलाड़ियों को त्वरित निर्णय लेने और चुनौतियों का सामना करने की क्षमता प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ जैसे अभियानों से देश में खेल संस्कृति को नई दिशा मिली है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन के माध्यम से उत्तराखण्ड को खेलभूमि के रूप में स्थापित किया गया है। इस दौरान राज्य के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर नया कीर्तिमान स्थापित किया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, खेल परिषद के पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

