भीमताल ब्लॉक में पीएमजीएसवाई सड़क का निरीक्षण, ब्लॉक प्रमुख ने दिए सुधार के सख्त निर्देश

भीमताल ब्लॉक में पीएमजीएसवाई सड़क का निरीक्षण, ब्लॉक प्रमुख ने दिए सुधार के सख्त निर्देश
Spread the love

रिपोर्ट: ललित जोशी।

नैनीताल।भीमताल ब्लॉक के ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने दूरस्थ क्षेत्रों में कनेक्टिविटी मजबूत करने के उद्देश्य से देवीधुरा पटवाडांगर–बोहरागांव–बेल मार्ग सहित प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत चल रहे कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डॉ. बिष्ट ने बताया कि आपदा के कारण क्षतिग्रस्त हुए सड़क मार्गों को दुरुस्त किया जा रहा है। पटवाडांगर से नईशिला तक सड़क लंबे समय से खराब होने के कारण ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने अधिकारियों को एक माह के भीतर मरम्मत कार्य पूरा करने और सड़क के डामरीकरण के साथ सुरक्षा दीवारों के निर्माण के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर कनेक्टिविटी उनकी प्राथमिकता है और इस मार्ग के सुधरने से बोहरागांव, बेल और नईशिला जैसे गांवों को राहत मिलेगी। साथ ही बोहरागांव में ग्राम पंचायत, कृषि विभाग एवं अन्य निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण कर तय समय सीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने बिजली, पेयजल और सिंचाई से जुड़ी समस्याएं भी उठाईं। बिजली आपूर्ति बाधित रहने पर ब्लॉक प्रमुख ने विद्युत विभाग को बसानी से नईशिला-बेल तक लाइन को मुख्य मार्ग के किनारे शिफ्ट करने के निर्देश दिए। पेयजल विभाग को 15 दिनों के भीतर जल आपूर्ति सुचारू करने और सिंचाई विभाग को नहरों की सफाई व मरम्मत कार्य शीघ्र शुरू करने को कहा गया।

ग्रामीणों ने शिक्षा और उद्यान विभाग के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताई। इस पर ब्लॉक प्रमुख ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित विभागों से स्पष्टीकरण मांगने की बात कही और कहा कि सरकारी कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस दौरान ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles