बाबा केदार की उत्सव डोली कल ऊखीमठ से होगी रवाना, 22 अप्रैल को खुलेंगे केदारनाथ धाम के कपाट

बाबा केदार की उत्सव डोली कल ऊखीमठ से होगी रवाना, 22 अप्रैल को खुलेंगे केदारनाथ धाम के कपाट
Spread the love

रुद्रप्रयाग।आस्था के महान पर्व के रूप में प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल 2026 को प्रातः 8 बजे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इस पावन अवसर को लेकर पूरे जनपद में उत्साह का माहौल है और प्रशासन द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

भगवान केदारनाथ की चल-विग्रह उत्सव डोली अपने शीतकालीन गद्दी स्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ से 19 अप्रैल को भव्य रूप में धाम के लिए प्रस्थान करेगी। मंदिर परिसर को फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया है और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है।

परंपरा के अनुसार आज सायंकालीन आरती के पश्चात केदारपुरी के क्षेत्र रक्षक भुकुंड भैरव की पूजा-अर्चना की जाएगी। यह धार्मिक प्रक्रिया डोली प्रस्थान से पहले विशेष महत्व रखती है।

निर्धारित कार्यक्रम के तहत 19 अप्रैल को डोली ऊखीमठ से फाटा पहुंचेगी। 20 अप्रैल को फाटा से प्रस्थान कर डोली गौरीकुण्ड स्थित गौरीमाई मंदिर पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा। इसके बाद 21 अप्रैल को डोली गौरीकुण्ड से प्रस्थान कर केदारनाथ धाम पहुंचेगी।

डोली के धाम पहुंचने के साथ ही धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम शुरू हो जाएगा और 22 अप्रैल को विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।

देवभूमि खबर

Related articles