आंगनवाड़ी वर्कर्स के मानदेय बढ़ाने की मांग, जन संघर्ष मोर्चा ने सीएम से की मुलाकात

आंगनवाड़ी वर्कर्स के मानदेय बढ़ाने की मांग, जन संघर्ष मोर्चा ने सीएम से की मुलाकात
Spread the love

देहरादून।आंगनवाड़ी वर्कर्स के मानदेय वृद्धि और सेवानिवृत्ति लाभ की मांग को लेकर जन संघर्ष मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी के नेतृत्व में यह प्रतिनिधिमंडल सीएम दरबार पहुंचा।

मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए डिप्टी सेक्रेटरी जे.पी. मैखुरी को निर्देश दिए कि संबंधित अधिकारियों के साथ शीघ्र बैठक आयोजित कर विषय पर निर्णय लिया जाए।

रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि वर्तमान में आंगनवाड़ी वर्कर्स को लगभग 9 हजार रुपये मानदेय मिल रहा है, जो उनकी जिम्मेदारियों के अनुरूप बेहद कम है। उन्होंने बताया कि वर्कर्स को स्टेशनरी और बच्चों के लिए सामग्री अपने स्तर पर ढोनी पड़ती है, जिसका खर्च भी उन्हें स्वयं उठाना पड़ता है।

मोर्चा ने मांग रखी कि राज्य सरकार स्तर से 140 रुपये प्रतिदिन तथा केंद्र सरकार से 150 रुपये प्रतिदिन मानदेय वृद्धि का प्रस्ताव भेजा जाए। इसके अलावा सेवानिवृत्ति पर 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का प्रावधान किया जाए। साथ ही इस लाभ के लिए वर्कर्स के खाते से 300 रुपये प्रतिमाह कटौती का प्रस्ताव भी रखा गया।

मोर्चा ने विश्वास जताया कि सरकार जल्द ही आंगनवाड़ी वर्कर्स के हित में सकारात्मक निर्णय लेगी। प्रतिनिधिमंडल में भीम सिंह बिष्ट और ब्लॉक मीडिया प्रभारी अतुल हांडा भी मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles