ऑपरेशन प्रहार: हरिद्वार पुलिस ने कर्नाटक से नाबालिग को सकुशल किया बरामद, बड़ी घटना टली
हरिद्वार।“ऑपरेशन प्रहार” के तहत हरिद्वार पुलिस ने एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए 14 वर्षीय नाबालिग बच्ची को कर्नाटक से सकुशल बरामद कर लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक बड़ी घटना को होने से टाल दिया।
मामला 10 अप्रैल 2026 का है, जब लखनऊ निवासी एक महिला ने थाना पिरान कलियर में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी नाबालिग बेटी को पड़ोस में रहने वाली महिला बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गई है। इस पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर संदिग्ध महिला का पता लगाया, जिसकी लोकेशन बैंगलोर (कर्नाटक) में मिली। इसके बाद पुलिस टीम 16 अप्रैल को कर्नाटक पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से नाबालिग को सकुशल बरामद कर आरोपी महिला को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि वह बच्ची को कपड़े दिलाने के बहाने रुड़की ले गई, फिर सहारनपुर और दिल्ली होते हुए ट्रेन से कर्नाटक ले गई। उसका उद्देश्य बच्ची से भीख मंगवाना और उसे गलत कार्यों में धकेलना था।
समय रहते पुलिस की सतर्कता से बच्ची को गलत हाथों में जाने से बचा लिया गया। इस कार्रवाई से पीड़ित मां को अपनी बेटी वापस मिलने पर राहत मिली और उसके चेहरे पर मुस्कान लौट आई।
एसएसपी ने पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए उनकी पीठ थपथपाई।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह तोमर, उपनिरीक्षक रामअवतार, हेड कांस्टेबल सोनू कुमार और महिला कांस्टेबल सरिता राणा शामिल रहे।

