दून पुलिस ने एटीएम बदलकर ठगी करने वाला गिरोह पकड़ा, 66 कार्ड बरामद
देहरादून। दून पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत प्रेमनगर क्षेत्र में एटीएम बदलकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न बैंकों के 66 एटीएम कार्ड और एक कार बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान प्रेमनगर थाना पुलिस को सूचना मिली कि क्षेत्र में एक गिरोह भोले-भाले लोगों को एटीएम से पैसे निकालने में मदद के बहाने उनके कार्ड बदलकर ठगी कर रहा है।
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 20 अप्रैल 2026 को एक संदिग्ध कार (यूपी-14-एफएच-7340) को रोककर जांच की। तलाशी के दौरान कार सवार तीनों व्यक्तियों—इमरान, नसीरुद्दीन और मोहम्मद खालिद—के पास से 66 एटीएम कार्ड बरामद हुए। संतोषजनक जवाब न देने पर तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे एटीएम बूथ में अकेले या बुजुर्ग लोगों को निशाना बनाते थे। मदद के बहाने उनका पिन देख लेते थे और चालाकी से कार्ड बदलकर बाद में उनके खातों से पैसे निकाल लेते थे।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने विकासनगर क्षेत्र में एक व्यक्ति के खाते से 50 हजार रुपये निकाले थे। अब तक यह गिरोह अलग-अलग लोगों के खातों से करीब 25 लाख रुपये की ठगी कर चुका है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
टीम में उपनिरीक्षक अमित शर्मा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

