उत्तराखंड के 80 शिक्षकों को आईआईएससी बेंगलुरु में मिलेगा विशेष प्रशिक्षण
देहरादून। उच्च शिक्षा विभाग के तहत प्रदेश के राजकीय विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के 80 चयनित शिक्षकों को Indian Institute of Science (आईआईएससी) बेंगलुरु में विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण 24 अप्रैल से 9 मई 2026 तक आयोजित होगा, जिसमें विज्ञान संवर्ग के शिक्षक आधुनिक शोध और नवाचार आधारित शिक्षण पद्धतियों की बारीकियां सीखेंगे।
यह पहल मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा गुणवत्ता उन्नयन एवं ज्ञानवर्धन प्रशिक्षण योजना के अंतर्गत की जा रही है, जिसके तहत उच्च शिक्षा विभाग और आईआईएससी के बीच एमओयू किया गया है। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों को प्रशिक्षित कर शिक्षण संस्थानों में शोध और प्रयोगात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देना है।
प्रशिक्षण में भौतिक विज्ञान के 16, रसायन विज्ञान के 19, गणित के 13, वनस्पति विज्ञान के 16 और जन्तु विज्ञान के 16 शिक्षक शामिल होंगे। प्रतिभागी शिक्षक आईआईएससी की अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं में व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे और विज्ञान शिक्षा के नए आयामों से परिचित होंगे।
उच्च शिक्षा सचिव डॉ. रणजीत सिन्हा ने बताया कि इस पहल से प्रदेश में विज्ञान शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा और शिक्षक अपने संस्थानों में लौटकर छात्रों को अधिक रोचक व प्रयोगात्मक तरीके से पढ़ा सकेंगे।
उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षा को अधिक गुणवत्तापूर्ण और भविष्य उन्मुख बनाने में सहायक हैं तथा इससे छात्रों में वैज्ञानिक सोच और जिज्ञासा को बढ़ावा मिलेगा।

