केदारनाथ यात्रा से पहले प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने सुरक्षाबलों को किया ब्रीफ
रुद्रप्रयाग। श्री केदारनाथ धाम यात्रा 2026 को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कपाट खुलने से पहले जिलाधिकारी विशाल मिश्रा और पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने धाम पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सुरक्षाबलों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान पुलिस, आईटीबीपी, एसडीआरएफ और एटीएस सहित विभिन्न सुरक्षाबलों की संयुक्त ब्रीफिंग की गई। जिलाधिकारी ने टीम भावना और समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर देते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित यात्रा अनुभव देने की बात कही।
पुलिस अधीक्षक ने आधुनिक तकनीक आधारित पुलिसिंग पर बल देते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, सतर्कता बढ़ाने और त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने हेलीपैड, होटल, टेंट और दुकानों की व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया और संबंधित विभागों को आवश्यक सुधार कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके बाद आयोजित समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य सेवाएं, भीड़ प्रबंधन, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य कर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, सेक्टर मजिस्ट्रेट और बदरी-केदार मंदिर समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

