3 लाख की स्मैक के साथ शातिर तस्कर गिरफ्तार, ऑपरेशन प्रहार में विकासनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
विकासनगर। उत्तराखंड पुलिस के तहत चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान में कोतवाली विकासनगर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 03 लाख रुपये कीमत की 8.84 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में पूरे जनपद में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 21/22 अप्रैल 2026 की देर रात ढालीपुर गांव मार्ग पर छतरी के पास चेकिंग के दौरान अभियुक्त रिजवान उर्फ पटवारी पुत्र शमशाद निवासी सहसपुर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज किया है।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह स्वयं नशे का आदी है और अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए कुल्हाल क्षेत्र से एक महिला से सस्ते दामों में स्मैक खरीदकर अन्य लोगों को महंगे दामों में बेचता था।
जांच में यह भी सामने आया कि अभियुक्त पहले से ही आपराधिक प्रवृत्ति का है और उसके खिलाफ मादक पदार्थों की तस्करी, आर्म्स एक्ट और चोरी से संबंधित आधा दर्जन से अधिक मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। वह कई बार जेल भी जा चुका है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सनोज कुमार (चौकी प्रभारी हरबर्टपुर), उपनिरीक्षक विवेक भंडारी (चौकी प्रभारी कुल्हाल), कांस्टेबल प्रवीन कुमार और कांस्टेबल राजेन्द्र बर्तवाल शामिल रहे।

