भव्य आयोजन के बीच खुले केदारनाथ धाम के कपाट, “हर-हर महादेव” से गूंजा धाम

भव्य आयोजन के बीच खुले केदारनाथ धाम के कपाट, “हर-हर महादेव” से गूंजा धाम
Spread the love

रुद्रप्रयाग। श्रद्धा, आस्था और दिव्यता के अद्भुत संगम के साथ ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग केदारनाथ मंदिर के कपाट आज पूरे विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। प्रातः 8 बजे शुभ मुहूर्त में कपाट खुलते ही पूरा धाम “हर-हर महादेव” और “जय श्री केदार” के उद्घोष से गूंज उठा। पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से की गई।इस पावन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी उपस्थित रहे।

उन्होंने बाबा केदार के दर्शन कर प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। सिख रेजीमेंट के बैंड की भक्तिमय धुनों के बीच कपाट उद्घाटन का यह दिव्य क्षण और भी अलौकिक बन गया।

मुख्यमंत्री ने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्री केदारनाथ धाम न केवल सनातन धर्मावलंबियों की आस्था का प्रमुख केंद्र है, बल्कि यह भारत की समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा हर वर्ष नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है और इस वर्ष भी बाबा केदार के आशीर्वाद से यात्रा ऐतिहासिक होगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुगम बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। साथ ही उन्होंने सभी उत्तराखण्डवासियों से देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के प्रति सेवा और आतिथ्य भाव बनाए रखने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2013 की आपदा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केदारनाथ धाम का भव्य एवं दिव्य पुनर्निर्माण हुआ है, जो आज विश्वभर के श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है।

इससे पूर्व भगवान केदारनाथ की पंचमुखी उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल Omkareshwar Temple Ukhimath से गुप्तकाशी, फाटा और गौरीकुंड होते हुए धाम पहुंची। कपाट खुलने की प्रक्रिया प्रातः 5 बजे से प्रारंभ हुई, जिसके बाद रावल भीमाशंकर लिंग, पुजारी टी. गंगाधर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विधायक आशा नौटियाल एवं अन्य धर्माचार्यों ने गर्भगृह में प्रवेश कर विधिवत पूजा-अर्चना की।

कपाटोद्घाटन के अवसर पर केदारनाथ धाम को 51 क्विंटल से अधिक फूलों से भव्य रूप से सजाया गया। कपाट खुलते ही हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई, जिससे श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।

कपाट खुलने के अवसर पर श्रीमती गीता धामी, बीकेटीसी अध्यक्ष श्री हेमंत द्विवेदी, विधायक केदारनाथ श्रीमती आशा नौटियाल, जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रप्रयाग श्रीमती पूनम कठैत, ब्लॉक प्रमुख ऊखीमठ श्री पंकज शुक्ला, जिला पंचायत सदस्य श्री अमित मैखंडी, पूर्व जिलाध्यक्ष श्री महावीर पंवार, तीर्थ पुरोहित श्री उमेश चंद्र पोस्ती, जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग/मुख्य कार्याधिकारी बीकेटीसी श्री विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक सुश्री निहारिका तोमर सहित बड़ी संख्या में तीर्थ पुरोहितगण, हक हकूकधारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles