चारधाम यात्रा से पहले हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग का सख्त एक्शन ,फलों के नमूने जांच को भेजे, कंपनियों को नोटिस

चारधाम यात्रा से पहले हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग का सख्त एक्शन ,फलों के नमूने जांच को भेजे, कंपनियों को नोटिस
Spread the love

हरिद्वार। चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को शुद्ध एवं गुणवत्ता युक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जनपद के होटल, ढाबों, दुकानों और रेस्टोरेंट्स में लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है, ताकि मिलावट और ओवर रेटिंग पर अंकुश लगाया जा सके।

सहायक आयुक्त एवं जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (नई दिल्ली) और खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखंड सचिन कुर्वे के निर्देशों के अनुपालन में गढ़वाल मंडल के उपायुक्त आर.एस. रावत के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा टीम ने ज्वालापुर स्थित सराय रोड फल मंडी में व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान थोक और खुदरा फल विक्रेताओं की जांच की गई।

टीम ने फलों को पकाने में प्रयुक्त एथलीन गैस और एथलीन पाउच से संबंधित कुल 8 खाद्य नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे। साथ ही, राइपनिंग गैस चैंबर का भी बारीकी से निरीक्षण किया गया। मौके पर तरबूज, खरबूज, आम और केले सहित विभिन्न फलों की भौतिक जांच की गई, जिसमें न तो कैल्शियम कार्बाइड का उपयोग पाया गया और न ही कृत्रिम रंगों के प्रयोग के संकेत मिले। विस्तृत जांच के लिए सभी नमूने राजकीय खाद्य प्रयोगशाला रुद्रपुर भेजे गए हैं।

निरीक्षण के दौरान एथलीन गैस और पाउच बनाने वाली कंपनियों में अनियमितताएं पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की गई। मैसर्स नीलकंठ इंटरप्राइजेज (राजस्थान) को गैस सिलेंडरों पर आवश्यक विवरण अंकित न करने पर नोटिस जारी किया गया, वहीं एम.एम. ट्रेडर्स (साहिबाबाद, गाजियाबाद) को भी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन, योगेंद्र पांडेय, कैलाश चंद्र टम्टा, कपिल देव और मंडी निरीक्षक अजय यादव शामिल रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चारधाम यात्रा के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

देवभूमि खबर

Related articles