देहरादून–मसूरी मार्ग पर 12.17 करोड़ का डबल लेन पुल, मंत्री गणेश जोशी ने किया शिलान्यास
देहरादून।देहरादून–मसूरी मार्ग पर यातायात सुविधा को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शिव मंदिर के निकट नए स्थायी डबल लेन पुल का शिलान्यास किया। लगभग 12.17 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह पुल क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा और मसूरी के लिए लाइफलाइन साबित होगा।
इस अवसर पर मंत्री ने पुल निर्माण को स्वीकृति देने के लिए पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।
मंत्री ने कहा कि देहरादून–मसूरी मार्ग पर्यटन और स्थानीय आवागमन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए इस मार्ग पर बेहतर आधारभूत ढांचे का निर्माण सरकार की प्राथमिकता है।
वर्ष 2025 में आई आपदा के दौरान यहां स्थित पुराना पुल क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद अस्थायी रूप से वैली ब्रिज बनाकर यातायात संचालित किया जा रहा है।
लोक निर्माण विभाग के अनुसार, यह 60 मीटर स्पान का डबल लेन स्टील बॉक्स सेतु होगा। इसमें पाइल फाउंडेशन, आरसीसी एबटमेंट, स्टील गर्डर संरचना, 7.50 मीटर चौड़ा टू-लेन कैरिजवे, दोनों ओर 3-3 मीटर फुटपाथ, रेलिंग और क्रैश बैरियर जैसी आधुनिक सुरक्षा सुविधाएं शामिल होंगी।
परियोजना को 21 अगस्त 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
शिलान्यास कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, स्थानीय जनप्रतिनिधि और क्षेत्रीय नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

