HTML tutorial
HTML tutorial

रुद्रप्रयाग में अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच, कमियां मिलने पर होटल संचालकों को नोटिस

रुद्रप्रयाग में अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच, कमियां मिलने पर होटल संचालकों को नोटिस
Spread the love

          फाटा और गुप्तकाशी के होटलों का निरीक्षण कर कमियां दूर करने के निर्देश, स्कूल में विद्यार्थियों को आग से बचाव के तरीके बताए

रुद्रप्रयाग। जनपद में अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम और अग्नि सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से अग्निशमन विभाग ने जागरूकता कार्यक्रम और निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान फाटा और गुप्तकाशी क्षेत्र के विभिन्न होटलों का निरीक्षण किया गया। अग्नि सुरक्षा मानकों में कमियां पाए जाने पर संबंधित होटल संचालकों को नोटिस जारी कर निर्धारित मानकों के अनुरूप कमियां तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए।

13 अक्टूबर 2026 को पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशों के अनुपालन में यह अभियान चलाया गया। अग्निशमन अधिकारी शंकर चंद रमोला के नेतृत्व में अग्निशमन विभाग की टीम ने जैक्सवीन नेशनल पब्लिक स्कूल में अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को आग लगने के प्रमुख कारणों, अग्नि दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों और अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग की जानकारी दी गई।

विद्यार्थियों को बताया गया कि आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय सूझबूझ से काम लेना चाहिए और सुरक्षित तरीके से भवन से बाहर निकलना चाहिए। साथ ही, आपातकालीन परिस्थितियों में बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों और सुरक्षा उपायों के बारे में भी विस्तार से समझाया गया।

होटलों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की जांच

विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम के बाद अग्निशमन विभाग की टीम ने फाटा और गुप्तकाशी क्षेत्र के विभिन्न होटलों का निरीक्षण किया। इस दौरान अग्नि सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं और निर्धारित मानकों की जांच की गई। जहां कमियां पाई गईं, वहां संबंधित होटल संचालकों को उन्हें तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही आवश्यक नोटिस भी जारी किए गए।

रुद्रप्रयाग पुलिस और अग्निशमन विभाग ने स्पष्ट किया कि जनपद में अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम, लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करने और निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

देवभूमि खबर

Related articles