ऑपरेशन प्रहार के तहत दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हाईप्रोफाइल जुए का भंडाफोड़, 18 गिरफ्तार

ऑपरेशन प्रहार के तहत दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हाईप्रोफाइल जुए का भंडाफोड़, 18 गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून । “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस ने अवैध गतिविधियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कोतवाली नगर क्षेत्र में हाईप्रोफाइल जुए के अड्डे का भंडाफोड़ किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर देर रात पुलिस टीम ने छापेमारी कर 18 जुआरियों को गिरफ्तार किया।

यह कार्रवाई क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में सहारनपुर चौक स्थित महावीर अपार्टमेंट में की गई, जहां एक निजी फ्लैट में लाखों रुपये का जुआ खेला जा रहा था। पुलिस ने मौके से 3,10,600 रुपये नकद, 4 गड्डी ताश (208 पत्ते) और 20 डाइस बरामद किए हैं।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार अभियुक्त रोशन लाल बंसल अपने फ्लैट में अवैध रूप से जुआ खिलवा रहा था और स्वयं भी इसमें शामिल था। सभी आरोपियों के खिलाफ कोतवाली नगर में जुआ अधिनियम की धारा 3/4/5 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पूरे जनपद में ऑपरेशन प्रहार के तहत लगातार सघन चेकिंग और सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत अवैध गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

देवभूमि खबर

Related articles