ऑपरेशन प्रहार के तहत वृद्ध व्यक्ति से नगदी छीनने वाला आरोपी गिरफ्तार
विकासनगर। विकासनगर पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बाजार क्षेत्र में एक वृद्ध व्यक्ति से नगदी छीनने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई 2000 रुपये की नकदी भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 12 मई 2026 को कोतवाली विकासनगर को सूचना मिली कि विकासनगर बाजार स्थित हरियाणा इलेक्ट्रॉनिक्स के पास सामान खरीदने आए वृद्ध सरदार सिंह तोमर निवासी लक्ष्मणपुर, विकासनगर की जेब से एक युवक ने झपट्टा मारकर नकदी चोरी कर ली है।
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी बाजार उपनिरीक्षक अर्जुन सिंह गुसाईं पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से आरोपी युवक को मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी की गई 2000 रुपये की नकदी बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान लक्की पुत्र प्रवेश निवासी उनिदा, थाना गुन्दगा, जिला भोपाल, मध्य प्रदेश, उम्र 19 वर्ष के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध कोतवाली विकासनगर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2)/317(2) के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अर्जुन सिंह गुसाईं एवं कांस्टेबल पवन शामिल रहे।

