चाऊमीन के विवाद में चली गोली, तीन आरोपी गिरफ्तार; तमंचा और चाकू बरामद
रुद्रपुर। चाऊमीन के ठेले पर हुए मामूली विवाद ने उस समय गंभीर रूप ले लिया जब तीन युवकों ने फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा और दो अवैध चाकू बरामद किए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में अराजक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार 8 मई 2026 की देर शाम चौकी रम्पुरा पुलिस को सूचना मिली कि वार्ड नंबर 22 स्थित चाऊमीन विक्रेता सोमवीर पर कुछ युवकों ने हमला कर फायरिंग की है। आरोपियों ने दुकान पर पत्थरबाजी भी की और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल बन गया। पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर कई टीमों का गठन किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।
12 मई को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने एफएसएल रोड के पास झाड़ियों में छिपे दो आरोपी संजय कोली और कमल कोली को गिरफ्तार कर लिया। संजय के कब्जे से 315 बोर का तमंचा और दो खोखा कारतूस बरामद हुए, जबकि कमल के पास से अवैध चाकू मिला।
इसके बाद 13 मई को तीसरे आरोपी अमन पांडे को ब्लॉक रोड से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से भी एक अवैध चाकू बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार संजय कोली और अमन पांडे के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपीसंजय कोली निवासी वार्ड नंबर 22, रम्पुरा, रुद्रपुर,कमल कोली निवासी वार्ड नंबर 22, रम्पुरा, रुद्रपुर
अमन पांडे निवासी शारदा कॉलोनी, रुद्रपुर, मूल निवासी रामपुर, उत्तर प्रदेश।
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक प्रकाश दानू, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनिल जोशी, चौकी प्रभारी पंकज कुमार सहित रुद्रपुर और रम्पुरा चौकी की पुलिस टीम शामिल रही।

