दून पुलिस ने प्रेमनगर लूटकांड का किया खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार

दून पुलिस ने प्रेमनगर लूटकांड का किया खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून।  प्रेमनगर क्षेत्र में हुई लूट की घटना का दून पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से लूटा गया आईफोन भी बरामद किया गया है।

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि 8 मई 2026 को कोतवाली प्रेमनगर में विनोद कुमार निवासी शिवाजी मार्ग, कॉवली रोड, देहरादून ने शिकायत दर्ज कराई कि 6 मई की रात उनका पुत्र आकाश, जो आईटी पार्क स्थित एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है, सहस्त्रधारा क्रॉसिंग पर घर जाने के लिए खड़ा था। इसी दौरान दो स्कूटी सवार युवकों ने उसे जबरन स्कूटी पर बैठाया और प्रेमनगर क्षेत्र के जामुनवाला पुल पर ले जाकर उसके साथ मारपीट की। आरोपियों ने उससे दो मोबाइल फोन और 600 रुपये नगद लूट लिए तथा उसे पुल से नीचे धक्का देकर फरार हो गए। घायल युवक का उपचार दून अस्पताल में चल रहा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के लगभग 110 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान 12 मई 2026 को पुलिस ने घटना में शामिल आरोपी मृदुल गुरुंग को मीठी बेरी रोड, प्रेमनगर से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से लूटा गया आईफोन बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी अस्मित थापा के साथ देर रात स्कूटी से घूम रहा था। सहस्त्रधारा क्रॉसिंग पर उन्होंने युवक को बहाने से अपने साथ बैठाया और जामुनवाला क्षेत्र ले गए। वहां शराब पीने के दौरान आरोपियों ने युवक से मोबाइल मांगा। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट कर दो मोबाइल फोन और नगदी लूट ली। छीना-झपटी के दौरान युवक पुल से नीचे गिर गया, जिसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी नशे का आदी है और नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए उसने अपने साथी के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया। मामले में फरार दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।


मृदुल गुरुंग पुत्र दीपक गुरुंग निवासी 538 गढ़ी कैंट, टपकेश्वर थाना गढ़ी कैंट, देहरादून, उम्र 20 वर्ष को पुलिस ने गिरफ्तार किया।

आरोपी के कब्जे से घटना में लूटा गया एक आईफोन बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 60 हजार रुपये बताई गई है।

इस कार्रवाई में वरिष्ठ उपनिरीक्षक मुकेश थलेड़ी, उपनिरीक्षक विजय प्रताप राही, कांस्टेबल राजेश चौहान एवं कांस्टेबल संजय शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles