केदारनाथ पैदल मार्ग पर मारपीट करने वाले 5 घोड़ा-खच्चर संचालकों पर पुलिस की कार्रवाई

केदारनाथ पैदल मार्ग पर मारपीट करने वाले 5 घोड़ा-खच्चर संचालकों पर पुलिस की कार्रवाई
Spread the love

रुद्रप्रयाग।केदारनाथ पैदल मार्ग के लिंचोली क्षेत्र में घोड़ा-खच्चर संचालकों के बीच हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रुद्रप्रयाग पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए पांच लोगों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। साथ ही इनके अश्व संचालन लाइसेंस निरस्त किए जाने की संस्तुति भी संबंधित विभाग को भेजी गई है।

पुलिस के अनुसार जनपद में केदारनाथ धाम यात्रा सुचारु रूप से संचालित हो रही है और अब तक करीब 9.5 लाख श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। इसी बीच 23 मई 2026 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें 4-5 लोग लाठी-डंडों के साथ आपस में मारपीट करते दिखाई दे रहे थे। इस घटना से पैदल यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं में भय और असुरक्षा का माहौल उत्पन्न हुआ।
मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर ने कोतवाली सोनप्रयाग एवं यात्रा मार्ग पर तैनात सभी चौकी प्रभारियों को संबंधित व्यक्तियों की पहचान कर कार्रवाई के निर्देश दिए।

निर्देशों के क्रम में चौकी गौरीकुंड पुलिस ने लगातार पूछताछ और वीडियो के आधार पर पांच संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि आपसी लेन-देन और घोड़ों के टकराने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद वे मारपीट पर उतारू हो गए।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के इस कृत्य से यात्रा मार्ग की शांति भंग हुई और श्रद्धालुओं में डर का माहौल बना। चौकी गौरीकुंड पुलिस ने सभी के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत कार्रवाई की है।

इसके अलावा संबंधित विभाग को इन सभी के अश्व संचालन लाइसेंस निरस्त करने की रिपोर्ट भी भेजी गई है। जिन लोगों ने इन्हें कार्य पर रखा था, उन्हें भी सख्त चेतावनी दी गई है कि भविष्य में ऐसे विवादित व्यक्तियों को काम पर न रखें और स्थानीय पुलिस से अनिवार्य सत्यापन अवश्य कराएं।

मारपीट में शामिल व्यक्तियों के नाम:
दिनेश शाहू, अर्पित चंद्रा, विशाल सिंह, मोहम्मद उवेश और मोहम्मद फरदीन।

रुद्रप्रयाग पुलिस ने यात्रा से जुड़े सभी व्यवसायियों और संचालकों से अपील की है कि यात्रा अवधि के दौरान किसी भी प्रकार की अराजकता या विवाद से बचें, अन्यथा सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

देवभूमि खबर

Related articles