चारधाम यात्रा में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर प्रशासन सख्त, आनन्दा डेयरी पर 3 लाख रुपये का जुर्माना
हरिद्वार में चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने खाद्य सुरक्षा विभाग को सख्त निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपद में संचालित होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट और खाद्य प्रतिष्ठानों पर लगातार छापेमारी अभियान चलाने तथा खाद्य पदार्थों में मिलावट और ओवररेटिंग पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
सहायक आयुक्त एवं जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में चारधाम यात्रा और गर्मी के मौसम को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन द्वारा व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में संयुक्त खाद्य सुरक्षा टीम ने हरिद्वार बस अड्डा और रेलवे स्टेशन क्षेत्र में स्थित 08 अस्थायी एवं स्थायी खाद्य प्रतिष्ठानों, रेस्टोरेंट और ढाबों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान तीन खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता मानकों का पालन करने, ढक्कनयुक्त कूड़ेदान रखने तथा तीर्थयात्रियों को ताजा भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। वहीं एफएसएसएआई लाइसेंस न होने और खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने पर दो कारोबारियों के खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की गई। टीम ने आमजन से प्राप्त शिकायतों का भी मौके पर निस्तारण किया।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि चारधाम यात्रा 2026 के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच और निगरानी का अभियान पूरे जनपद में लगातार जारी रहेगा, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और मानक अनुरूप खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।
इसी बीच विभाग ने पिछले वर्ष कांवड़ मेले के दौरान की गई कार्रवाई में बड़ी सफलता हासिल की है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा मै० आनन्दा डेयरी, रामनगर, ज्वालापुर के निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में खाद्य कारोबार का वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं किया गया था तथा कालातीत खाद्य सामग्री भी पाई गई थी। इस मामले में न्याय निर्णायक अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) हरिद्वार के न्यायालय में वाद दायर किया गया था।
मामले की सुनवाई के बाद न्यायालय ने मै० आनन्दा डेयरी, रामनगर, ज्वालापुर पर खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के आरोप में 3 लाख रुपये का आर्थिक दंड अधिरोपित किया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा मानकों से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

