विश्व पर्यावरण दिवस पर परिवहन विभाग का विशेष अभियान, प्रदूषण नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
देहरादून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर परिवहन विभाग, देहरादून द्वारा पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण, ईंधन संरक्षण एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता के लिए विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) डॉ. अनीता चमोला के निर्देशन में संचालित किया गया।
अभियान के तहत जनपद देहरादून के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की सघन जांच की गई। प्रवर्तन अधिकारियों ने वाहनों के प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र (पीयूसी) की जांच करते हुए वाहन चालकों को स्वच्छ पर्यावरण, प्रदूषण नियंत्रण तथा ईंधन संरक्षण के प्रति जागरूक किया। जिन वाहनों के पास वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र नहीं पाया गया, उन्हें नियमानुसार नोटिस जारी कर शीघ्र प्रदूषण जांच कराने के निर्देश दिए गए।
परिवहन विभाग की टीमों ने विभिन्न प्रदूषण जांच केंद्रों का निरीक्षण भी किया। इस दौरान प्रदूषण जांच उपकरणों की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रखरखाव, प्रमाण-पत्र निर्गमन प्रक्रिया तथा निर्धारित मानकों के अनुपालन की जांच की गई। केंद्र संचालकों को प्रदूषण परीक्षण कार्य पूर्ण पारदर्शिता और निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित करने के निर्देश दिए गए।
अभियान के दौरान वाहन चालकों को नियमित वाहन सर्विसिंग, सही टायर प्रेशर बनाए रखने, अनावश्यक रूप से इंजन चालू न रखने तथा ईंधन संरक्षण के उपायों की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि वाहनों का नियमित रखरखाव न केवल प्रदूषण कम करता है बल्कि ईंधन की बचत और वाहन की कार्यक्षमता में भी वृद्धि करता है।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर डॉ. अनीता चमोला ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पर्यावरण और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था एक-दूसरे के पूरक हैं तथा वाहनों का नियमित प्रदूषण परीक्षण, सड़क सुरक्षा नियमों का पालन और ईंधन संरक्षण की आदतें समाज को सुरक्षित एवं स्वस्थ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
इस अवसर पर अपर परिवहन आयुक्त उत्तराखंड सनत कुमार सिंह ने अपने संदेश में कहा कि पर्यावरण संरक्षण एक सामूहिक दायित्व है, जिसमें सरकार, संस्थाओं और प्रत्येक नागरिक की समान भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने बढ़ते वायु प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच स्वच्छ एवं हरित परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए वाहन स्वामियों से नियमित प्रदूषण परीक्षण कराने और ईंधन संरक्षण को प्राथमिकता देने की अपील की।
परिवहन विभाग ने बताया कि सड़क सुरक्षा, प्रदूषण नियंत्रण, ईंधन संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्यों को लेकर इस प्रकार के विशेष अभियान भविष्य में भी नियमित रूप से संचालित किए जाते रहेंगे।

