बोहरागांव में विकास कार्यों और जनसमस्याओं पर मंथन, सरकार की योजनाएं अंतिम छोर तक पहुंचाने पर जोर
नैनीताल। ग्रामीण क्षेत्रों तक उत्तराखंड सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाने और स्थानीय विकास कार्यों की समीक्षा के उद्देश्य से बोहरागांव में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा करते हुए उनके समाधान के लिए सुझाव लिए गए।
बैठक में संगठन की मजबूती, केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को सफल बनाने पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने क्षेत्र में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय जनता से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी गईं। विशेष रूप से पेयजल संबंधी शिकायतों पर जल संस्थान के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए तथा शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया।
वरिष्ठ भाजपा नेता हेम आर्य ने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान भाजपा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण भी हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना आवश्यक है।
बैठक में दर्जा राज्य मंत्री (पेयजल) दिनेश आर्य, दायित्वधारी भावना मेहरा, मंडल अध्यक्ष सुरेश उप्रेती, ग्राम प्रधान सुरेंद्र बिष्ट, पूर्व जिला पंचायत सदस्य गणेश मेहरा, अनुसूचित जाति मोर्चा मंडल मंत्री दीवान टम्टा, जिला कार्यकारिणी सदस्य शिवांशु जोशी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

