शिक्षकों से मारपीट के आरोप में पुलिस उपनिरीक्षक निलंबित, एसएसपी देहरादून की कार्रवाई
देहरादून। पित्थूवाला स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज में शिक्षकों के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार करने के आरोप में पुलिस दूरसंचार शाखा में तैनात एक उपनिरीक्षक को निलंबित कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 5 जून 2026 को पॉलिटेक्निक कॉलेज पित्थूवाला, देहरादून में नियुक्त स्टाफ के साथ मारपीट कर उनके सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने की घटना सामने आई थी। मामले का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने तत्काल कार्रवाई की।
एसएसपी देहरादून ने पद की गरिमा के अनुरूप आचरण न करने तथा शिक्षण संस्थान में शिक्षकों के साथ अभद्रता एवं मारपीट करने के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस दूरसंचार शाखा में नियुक्त उपनिरीक्षक महेश कंडवाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच की जा रही है तथा नियमानुसार आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

