नंदा देवी बायोडायवर्सिटी मॉनिटरिंग एक्सपीडिशन-2026 का समापन, वैज्ञानिकों और प्रतिभागियों को किया सम्मानित

Spread the love

जोशीमठ। नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क वन प्रभाग, जोशीमठ द्वारा आयोजित “नंदा देवी बायोडायवर्सिटी मॉनिटरिंग एक्सपीडिशन-2026” का समापन समारोह रविवार को मोनाल वन विश्राम भवन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वन, निर्वाचन, विधायी एवं संसदीय कार्य, वित्त तथा नियोजन मंत्री सुबोध उनियाल उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत में प्रभागीय वनाधिकारी अभिमन्यु ने नंदा देवी क्षेत्र के इतिहास, भौगोलिक विशेषताओं, जैव विविधता तथा पूर्व में आयोजित अभियानों की जानकारी दी। उन्होंने अभियान के उद्देश्यों और इसके वैज्ञानिक महत्व पर भी प्रकाश डाला। इस अवसर पर प्रमुख वन संरक्षक (हॉफ) उत्तराखंड ने भी अभियान में शामिल सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें सफल एवं सुरक्षित अभियान के लिए शुभकामनाएं दीं।

मुख्य अतिथि सुबोध उनियाल ने अभियान में शामिल वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं और वन विभाग के अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि नंदा देवी क्षेत्र की जैव विविधता के संरक्षण और अध्ययन में ऐसे अभियानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने अभियान के वरिष्ठतम सदस्य एवं प्रख्यात वैज्ञानिक डॉ. जी.एस. रावत के योगदान की विशेष प्रशंसा की तथा प्रतिभागियों को उनके अनुभवों से सीख लेने के लिए प्रेरित किया।

मंत्री ने सुझाव दिया कि नंदा देवी बायोडायवर्सिटी मॉनिटरिंग एक्सपीडिशन का आयोजन प्रत्येक पांच वर्ष में किया जाए, ताकि अधिक से अधिक वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं और वन अधिकारियों को इस महत्वपूर्ण अभियान में भाग लेने का अवसर मिल सके।

समारोह में अभियान से जुड़े विभिन्न संस्थानों के वैज्ञानिकों, आईटीबीपी, एसडीआरएफ तथा वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में एनडीबीआर के निदेशक पंकज कुमार, बदरीनाथ वन प्रभाग के अधिकारी, प्रशासन, पुलिस विभाग, मीडिया प्रतिनिधि एवं जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles