मतदाता सूची शुद्धिकरण को लेकर भाजपा मसूरी मंडल की बैठक, 14 हजार वोट हटे, 2500 नए मतदाता जुड़े

Spread the love

मसूरी। भारतीय जनता पार्टी मसूरी मंडल की एक विशेष बैठक मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और संगठनात्मक कार्यक्रमों की समीक्षा को लेकर आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने तथा नए मतदाताओं को जोड़ने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान लगभग 14 हजार वोट हटाए गए हैं, जबकि करीब 2500 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं।

बैठक के दौरान मतदाता सूची से मृत व्यक्तियों एवं गलत पते वाले मतदाताओं के नाम हटाने, पात्र नए मतदाताओं के नाम शामिल करने तथा विवाह के बाद स्थान परिवर्तन करने वाली महिलाओं के नाम स्थानांतरित कराने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही शादी के बाद क्षेत्र में आई महिलाओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने की आवश्यकता भी बताई गई।
भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी युवाओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराकर उन्हें मतदाता पहचान पत्र उपलब्ध कराया जाए। इसके अलावा मतदाता सूची में किसी भी अवैध बाहरी व्यक्ति या घुसपैठिए का नाम शामिल न हो, इसे सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई।
बैठक में बूथ लेवल एजेंट (BLA) और स्थानीय पदाधिकारियों को मतदाता सूची की कमियों को दूर करने, त्रुटियों की पहचान करने तथा आवश्यक आपत्तियां दर्ज कराने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए। SIR अभियान का कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करने पर भी बल दिया गया।

बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिला पदाधिकारी सुरेंद्र राणा ने की। इस अवसर पर मीरा सकलानी, रजत अग्रवाल, गुडमोहन राणा, राकेश रावत, नरेंद्र मेलवान, जगजीत कुकरेजा, अरुण कुमार, कुनाल रावत, अमित भट्ट, गौरी थपलियाल, रणवीर कंडारी सहित भारतीय जनता पार्टी के आठ शक्ति केंद्रों के संयोजक, प्रभारी, बूथ अध्यक्ष और बीएलए-2 उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles