कारगिल विजय दिवस पर नव पर्वतीय विकास संस्था का वृक्षारोपण, वीर शहीदों को दी भावभीनी श्रद्धांजलि

देहरादून। कारगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ पर नव पर्वतीय विकास संस्था द्वारा गांधी पार्क में अमर शहीदों की स्मृति में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कारगिल के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के अध्यक्ष एवं मुख्य अतिथि विनोद कुमार (एडवोकेट) ने पौधरोपण कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जब बात देश की आती है तो प्रत्येक नागरिक को वीर शहीदों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेनी चाहिए। राष्ट्र हमेशा सर्वोपरि होना चाहिए और देशभक्ति की भावना हर नागरिक के जीवन का अभिन्न हिस्सा बननी चाहिए।
संस्था के प्रवक्ता एवं विशिष्ट अतिथि विपिन खन्ना ने कहा कि कारगिल के वीरों की शहादत को देश कभी नहीं भुला सकता। उन्होंने कहा कि आज का दिन उन अमर सैनिकों के अदम्य साहस और बलिदान को नमन करने का अवसर है। कार्यक्रम में पूर्व रेलवे अधिकारी संजय कुमार अमन भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस दौरान सभी अतिथियों एवं संस्था के सदस्यों ने सामूहिक रूप से पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। संस्था ने संकल्प लिया कि शहीदों की स्मृति को सहेजने के साथ-साथ हरित एवं स्वच्छ पर्यावरण के लिए ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाएंगे।

