मुख्यमंत्री ने खटीमा में जनकल्याण योजनाओं का किया उल्लेख, कहा- विकास की अंतिम पंक्ति तक पहुंचेगा लाभ

मुख्यमंत्री ने खटीमा में जनकल्याण योजनाओं का किया उल्लेख, कहा- विकास की अंतिम पंक्ति तक पहुंचेगा लाभ
Spread the love

खटीमा। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने तीन दिवसीय खटीमा प्रवास के दौरान शहीद हरी किशन शिक्षण संस्थान, बगुलिया में आयोजित “जन-जन की सरकार, मुख्य सेवक आपके द्वार” कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और ग्रामोत्थान परियोजना के अंतर्गत सद्भावना सीएलएफ द्वारा संचालित दीदी कैफे का फीता काटकर शुभारंभ किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए दौर में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, मुफ्त राशन, उज्ज्वला योजना और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, पर्यटन और हवाई कनेक्टिविटी सहित विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से कार्य कर रही है। उन्होंने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने और नकल विरोधी कानून को युवाओं के हित में ऐतिहासिक कदम बताया।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है तथा भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है। “जन-जन की सरकार, आपके द्वार” कार्यक्रम का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

खटीमा को अपना परिवार बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और भविष्य में भी विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने प्रदेशवासियों से उत्तराखण्ड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के संकल्प में सहभागी बनने का आह्वान किया।

जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से लाभार्थियों को सहायता और अनुदान भी वितरित किए गए। मत्स्य विभाग ने ऑर्नामेंटल फिश यूनिट निर्माण के लिए संजीत कुमार और परदेशी राय को सहयोग राशि प्रदान की। कृषि विभाग ने स्वयं सहायता समूहों और किसानों को अनुदान एवं रासायनिक उर्वरक वितरित किए। समाज कल्याण विभाग ने 10 लोगों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराए, जबकि स्वास्थ्य विभाग ने जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत पांच महिलाओं को लाभान्वित किया। सहकारिता विभाग ने पंडित दीनदयाल योजना के तहत आठ लाभार्थियों को शून्य ब्याज दर पर ऋण के चेक प्रदान किए।

इस अवसर पर दायित्वधारी मंत्री अनिल कपूर डब्बू, रणजीत सिंह नामधारी, किशन सिंह किन्ना, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद जोशी, जिला पंचायत सदस्य सागर सिंह धामी, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, नगर पंचायत अध्यक्ष नानकमत्ता प्रेम सिंह टुरना, सांसद प्रतिनिधि रविंद्र राणा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, एडीएम कौस्तुभ मिश्र, एएसपी उत्तम सिंह नेगी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles