बेतालघाट में जल्द मिलेगी अल्ट्रासाउंड सुविधा, जिला प्रभारी मंत्री खजान दास ने जनसंवाद में किया ऐलान

नैनीताल ।जनपद के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्र बेतालघाट के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं जनपद नैनीताल के प्रभारी मंत्री खजान दास ने बेतालघाट स्वास्थ्य केंद्र में शीघ्र अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध कराने की घोषणा की है।
उन्होंने कहा कि मशीन स्थापित होने के बाद क्षेत्रवासियों को स्थानीय स्तर पर ही अल्ट्रासाउंड की सुविधा मिल सकेगी और उन्हें अन्य स्थानों पर नहीं जाना पड़ेगा।
विकसित भारत संकल्प अभियान के तहत विकास खंड सभागार बेतालघाट में आयोजित भव्य जनसंवाद कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे प्रभारी मंत्री खजान दास ने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी देते हुए लोगों से इनका लाभ उठाने का आह्वान किया।
जनसंवाद के दौरान मंत्री ने क्षेत्रीय जनता की समस्याओं, शिकायतों और सुझावों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले से शासन को भेजे गए विकास कार्यों के प्रस्तावों को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति दिलाई जाएगी ताकि क्षेत्र के विकास को नई गति मिल सके।
स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर ग्रामीणों की मांग पर उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री से दूरभाष पर वार्ता कर बेतालघाट स्वास्थ्य केंद्र में जल्द अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध कराने की बात रखी। उन्होंने क्षेत्रवासियों को भरोसा दिलाया कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
खजान दास ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के मंत्र के अनुरूप देश और उत्तराखंड निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर हैं। जनसंवाद कार्यक्रमों का उद्देश्य सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित कर अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
कार्यक्रम में विधायक सरिता आर्या, दर्जा राज्य मंत्री, भाजपा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सुविधा को लेकर की गई घोषणा का स्वागत करते हुए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

