संयुक्त निदेशक डॉ. एम. एस. गुंज्याल और डॉ. जी. सी. एस. जंगपांगी ने लिया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों का जायजा, जनसहभागिता की अपील

Spread the love

हरिद्वार ।21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. एम. एस. गुंज्याल और डॉ. जी. सी. एस. जंगपांगी ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों के साथ तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी हरिद्वार डॉ. स्वास्तिक सुरेश ने कार्यक्रम की तैयारियों और व्यवस्थाओं की जानकारी दी। अपर जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. अतुल सिंह नेगी ने अतिथियों एवं अधिकारियों के आवास संबंधी व्यवस्थाओं से अवगत कराया। मुख्य कार्यक्रम समन्वयक डॉ. अवनीश कुमार उपाध्याय ने कार्यक्रम में शामिल होने वाले विशिष्ट अतिथियों और प्रतिभागियों की जानकारी साझा की।

कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. भास्कर आनंद ने कॉमन योगा प्रोटोकॉल के सफल संचालन के लिए योग प्रशिक्षकों की तैयारियों की जानकारी दी। साथ ही योगाभ्यास की चल रही रिहर्सल का भी अवलोकन किया गया। ऋषिकुल राजकीय आयुर्वेदिक फार्मेसी के अधीक्षक डॉ. अशोक तिवारी ने योगा मैट, टी-शर्ट, जलपान एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी अधिकारियों को दी।

डॉ. अवनीश कुमार उपाध्याय ने बताया कि कार्यक्रम में रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम, कनखल के सहयोग से योग चैंपियन कुमारी विशिका विशेष योग प्रदर्शन प्रस्तुत करेंगी, जो कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण होगा।
संयुक्त निदेशक डॉ. गुंज्याल और डॉ. जंगपांगी ने तैयारियों पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि यह आयोजन जनपद में योग जागरूकता को नई दिशा देगा। उन्होंने नागरिकों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज और विकसित राष्ट्र की आधारशिला है।

आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री श्री मदन कौशिक की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित होने वाले इस भव्य कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी विभागों द्वारा समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का यह आयोजन हरिद्वार में एक ऐतिहासिक और प्रेरणादायी कार्यक्रम के रूप में स्थापित होगा।

देवभूमि खबर

Related articles