विदेश भागने की फिराक में धोखाधड़ी का आरोपी अमृतसर एयरपोर्ट से गिरफ्तार

उत्तरकाशी। पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत विदेश भेजने और वीजा दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक वांछित आरोपी को अमृतसर एयरपोर्ट से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी विदेश भागने की तैयारी में था, लेकिन लुक आउट नोटिस के चलते एयरपोर्ट पर ही पकड़ लिया गया।
पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार मार्च 2026 में एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उससे विदेश भेजने और वीजा दिलाने के नाम पर 3.20 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई है। शिकायत के आधार पर आरोपी जसप्रीत सिंह निवासी बरनाला, पंजाब के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान आरोपी को नोटिस तामील किए जाने के बावजूद वह पुलिस जांच में सहयोग नहीं कर रहा था और लगातार बचने का प्रयास कर रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक उत्तरकाशी जनक सिंह पंवार के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी की तलाश तेज कर दी।
तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस के माध्यम से पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी विदेश भागने की फिराक में है। इसके बाद उसके खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी कराया गया। 18 जून 2026 को आरोपी अमृतसर एयरपोर्ट से विदेश जाने का प्रयास कर रहा था, जहां लुक आउट नोटिस के आधार पर उसकी पहचान कर उसे रोक लिया गया और उत्तरकाशी पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर उत्तरकाशी पुलिस की टीम अमृतसर पहुंची और आरोपी जसप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जसप्रीत सिंह पुत्र लखविंदर सिंह निवासी शेखा रोड, बरनाला (पंजाब) के रूप में हुई है। उसकी उम्र 22 वर्ष बताई गई है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक विनोद पंवार, हेड कांस्टेबल महिपाल सिंह और कांस्टेबल कपिल कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उत्तरकाशी पुलिस ने कहा है कि आम लोगों के साथ धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों को कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।


