ऑनलाइन गेमिंग में अधिक लाभ का लालच देकर 1.77 करोड़ की साइबर ठगी, राजस्थान से आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। ऑनलाइन गेमिंग वेबसाइट के माध्यम से कम धनराशि निवेश कर अधिक लाभ कमाने का लालच देकर 1 करोड़ 77 लाख 53 हजार 960 रुपये की साइबर ठगी के मामले में उत्तराखंड एसटीएफ ने राजस्थान से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के बैंक खाते में पीड़ित से ठगी गई रकम में से करीब 14 लाख रुपये पहुंचने की पुष्टि हुई है। वहीं, महज चार माह में उसके बैंक खाते से करीब 95 लाख रुपये का संदिग्ध लेन-देन सामने आया है।
जनपद हरिद्वार निवासी शिकायतकर्ता ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने यूट्यूब पर ऑनलाइन गेमिंग वेबसाइट विनअड्डा का विज्ञापन देखा था। इसके बाद अज्ञात साइबर ठगों ने अलग-अलग मोबाइल नंबरों से व्हाट्सऐप के माध्यम से संपर्क कर लिंक भेजे और कम धनराशि निवेश कर अधिक लाभ कमाने का लालच दिया। वर्ष 2025 में आरोपियों ने शिकायतकर्ता से कुल 1 करोड़ 77 लाख 53 हजार 960 रुपये की ऑनलाइन ठगी की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में मुकदमा संख्या 20/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 61(2) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66डी में अभियोग दर्ज किया गया। मामले की विवेचना निरीक्षक अनिल कुमार को सौंपी गई।
विवेचना के दौरान साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों और उनमें हुए धनराशि के लेन-देन का गहन विश्लेषण किया गया। जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता से ठगी गई रकम में से करीब 14 लाख रुपये आरोपी के बैंक खाते में जमा हुए थे। इसके अलावा आरोपी के खाते में केवल चार माह की अवधि में करीब 95 लाख रुपये का संदिग्ध लेन-देन पाया गया।
महत्वपूर्ण साक्ष्य मिलने के बाद एसटीएफ की टीम ने बैंक खाते के खाताधारक किशोर पुत्र मदन लाल, निवासी वार्ड नंबर-05, ऊंचा मगर बास, थाना लाडनूं, जनपद डीडवाना-कुचामन, राजस्थान, उम्र 41 वर्ष को राजस्थान के लाडनूं थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान किशोर पुत्र मदन लाल, निवासी वार्ड नंबर-05, ऊंचा मगर बास, थाना लाडनूं, जनपद डीडवाना-कुचामन, राजस्थान, उम्र 41 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस टीम में निरीक्षक अनिल कुमार, उपनिरीक्षक जगमोहन राणा, उपनिरीक्षक वजिन्द्र सिंह नेगी और कांस्टेबल सोनह बड़ोनी शामिल रहे।
उत्तराखंड एसटीएफ ने आमजन से अपील की है कि ऑनलाइन गेमिंग, निवेश अथवा किसी भी प्रकार के ऑनलाइन लाभ का लालच देने वाले अज्ञात व्यक्तियों और वेबसाइटों के झांसे में न आएं। किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने या धनराशि हस्तांतरित करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें। साइबर अपराध होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।


