कूड़ा परिवहन में लापरवाही पर नगर निगम सख्त, एजेंसी पर ₹25 हजार का जुर्माना

हरिद्वार। नगर निगम हरिद्वार ने स्वच्छता व्यवस्था में लापरवाही बरतने पर डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए ₹25,000 का जुर्माना लगाया है। साथ ही संबंधित एजेंसी को कारण बताओ नोटिस जारी कर भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति न करने की चेतावनी दी गई है।
नगर निगम के संज्ञान में आया कि डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण कार्य में लगी एजेंसी ईकोन वॉटरग्रेस का एक वाहन खुले में कूड़ा परिवहन कर रहा था। वाहन को निर्धारित मानकों के अनुरूप ढका नहीं गया था, जिससे रास्ते में कूड़ा बिखरने और शहर की स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका उत्पन्न हो गई थी।
मामले की जानकारी मिलते ही नगर आयुक्त नंदन कुमार के निर्देश पर नगर निगम अधिकारियों ने जांच कर संबंधित एजेंसी पर ₹25,000 का आर्थिक दंड लगाया। साथ ही एजेंसी को कड़ी चेतावनी देते हुए भविष्य में स्वच्छता मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
नगर निगम प्रशासन ने बताया कि पूर्व में भी सभी कूड़ा संग्रहण एजेंसियों और संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि कूड़ा परिवहन करने वाले सभी वाहन पूरी तरह ढके होने चाहिए तथा स्वच्छता एवं पर्यावरणीय मानकों का अनिवार्य रूप से पालन किया जाना चाहिए। निर्देशों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नगर आयुक्त नंदन कुमार ने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। कूड़ा संग्रहण और परिवहन से जुड़े सभी कार्मिकों एवं एजेंसियों को निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन करना होगा। नियमों के उल्लंघन पर जुर्माना, अनुबंधीय कार्रवाई और अन्य आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
नगर निगम ने नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं खुले में कूड़ा परिवहन या स्वच्छता संबंधी कोई अनियमितता दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल निगम प्रशासन को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

