ऋषिकेश में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 16 पेटी अवैध शराब बरामद दो तस्कर गिरफ्तार, एक लाख रुपये की शराब जब्त; अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश तेज

Spread the love

ऋषिकेश। मद्द निषेध क्षेत्र ऋषिकेश में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग को बड़ी सफलता मिली है। मंगलवार सुबह आबकारी निरीक्षक श्रीमती प्रेरणा बिष्ट के नेतृत्व में आबकारी टीम ने सघन चेकिंग अभियान चलाते हुए 16 पेटी अवैध शराब बरामद की और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

आबकारी विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि श्यामपुर लक्कड़घाट रोड स्थित नमामि गंगे प्रोजेक्ट की विस्थापित कॉलोनी के सामने स्थित एक मुर्गा फार्म में शराब की पेटियां रखी गई हैं तथा दो व्यक्ति उन्हें अन्य स्थान पर ले जाने की तैयारी में हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आबकारी टीम ने मौके पर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान टीम ने दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 16 पेटी शराब बरामद की। बरामद शराब में 12 पेटी देशी शराब और 4 पेटी अंग्रेजी शराब शामिल हैं। जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है।

आबकारी टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पूछताछ में आरोपियों ने शराब तस्करी से जुड़े कुछ अन्य लोगों के नामों का भी खुलासा किया है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए आबकारी विभाग ने दबिश अभियान तेज कर दिया है।

गिरफ्तार आरोपियों में प्रदीप कुमार पुत्र जयसिंह निवासी श्यामपुर तथा रोहित पुत्र प्रसादीलाल निवासी भागनपुर ककराला, बिजनौर शामिल हैं। आबकारी विभाग का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त अन्य लोगों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

देवभूमि खबर

Related articles