टिहरी पुलिस ने खोया अपना कर्मठ प्रहरी, उपनिरीक्षक विनोद कुमार शर्मा का सड़क हादसे में निधन

टिहरी पुलिस ने खोया अपना कर्मठ प्रहरी, उपनिरीक्षक विनोद कुमार शर्मा का सड़क हादसे में निधन
Spread the love

टिहरी । टिहरी पुलिस परिवार ने अपने एक समर्पित, कर्मठ और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी को असमय खो दिया। उपनिरीक्षक विनोद कुमार शर्मा का 23 जून 2026 को ड्यूटी के दौरान हुई एक दुखद सड़क दुर्घटना में आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन से पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर है।

2 अगस्त 1978 को जन्मे विनोद कुमार शर्मा ने भारतीय सेना में गौरवपूर्ण सेवाएं देने के बाद वर्ष 2016 में उत्तराखंड पुलिस में उपनिरीक्षक पद पर नियुक्ति प्राप्त की थी। अपनी ईमानदारी, अनुशासन और उत्कृष्ट कार्यशैली के बल पर उन्होंने पुलिस विभाग में एक विशिष्ट पहचान बनाई। वर्ष 2023 में उन्हें सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह से भी सम्मानित किया गया था।

वर्ष 2017 से लगातार जनपद टिहरी गढ़वाल में तैनात रहकर उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, जनसेवा और पुलिस दायित्वों के निर्वहन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका सरल स्वभाव, कर्तव्यपरायणता और सहयोगी व्यवहार उन्हें सहकर्मियों तथा आमजन के बीच सम्मान दिलाता रहा।

उनके आकस्मिक निधन को टिहरी पुलिस परिवार ने अपूरणीय क्षति बताया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे सहित समस्त टिहरी पुलिस परिवार ने दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

देवभूमि खबर

Related articles