टिहरी पुलिस ने खोया अपना कर्मठ प्रहरी, उपनिरीक्षक विनोद कुमार शर्मा का सड़क हादसे में निधन

टिहरी गढ़वाल। टिहरी पुलिस परिवार के लिए मंगलवार का दिन अत्यंत दुःखद रहा। जनपद में वर्ष 2017 से सेवाएं दे रहे कर्मठ, अनुशासित एवं कर्तव्यनिष्ठ उपनिरीक्षक विनोद कुमार शर्मा का ड्यूटी के दौरान हुई एक सड़क दुर्घटना में आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन से पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर है।
दिवंगत उपनिरीक्षक विनोद कुमार शर्मा का जन्म 2 अगस्त 1973 को हुआ था। उन्होंने भारतीय सेना में गौरवपूर्ण सेवाएं देने के बाद वर्ष 2016 में उत्तराखंड पुलिस में उपनिरीक्षक के रूप में अपनी नई पारी शुरू की। अपने अनुशासन, ईमानदारी और उत्कृष्ट कार्यशैली के बल पर उन्होंने पुलिस विभाग में एक अलग पहचान स्थापित की।
जनपद टिहरी गढ़वाल में लगातार तैनाती के दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, जनसेवा और पुलिस दायित्वों के निर्वहन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका सरल एवं मिलनसार स्वभाव, कर्तव्यनिष्ठा और सहयोगी व्यवहार उन्हें सहकर्मियों तथा आमजन के बीच सम्मान का पात्र बनाता रहा।
उनकी उत्कृष्ट सेवाओं को देखते हुए वर्ष 2023 में उन्हें सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह से भी सम्मानित किया गया था। पुलिस विभाग में उनकी कार्यशैली और समर्पण हमेशा प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे।
23 जून 2026 को कर्तव्य निर्वहन के दौरान हुई एक दुखद सड़क दुर्घटना में उनका निधन हो गया। इस असामयिक निधन को टिहरी पुलिस परिवार ने अपूरणीय क्षति बताया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्रीमती श्वेता चौबे सहित समस्त टिहरी पुलिस परिवार ने दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। पुलिस परिवार ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।

