उत्तराखण्ड में मानसून की दस्तक जल्द, 27-30 जून के बीच कई क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी

उत्तराखण्ड में मानसून की दस्तक जल्द, 27-30 जून के बीच कई क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी
Spread the love

देहरादून।भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने उत्तराखण्ड को लेकर महत्वपूर्ण मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और आगामी 2 से 3 दिनों में उत्तराखण्ड के कुछ हिस्सों में इसके पहुंचने की प्रबल संभावना है। मौसम विभाग ने प्रदेश में 27 से 30 जून के बीच कई क्षेत्रों में भारी वर्षा होने की चेतावनी दी है।

आईएमडी के अनुसार 24 जून को दक्षिण-पश्चिम मानसून गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र के शेष भागों, छत्तीसगढ़ और झारखंड के कुछ हिस्सों तक आगे बढ़ चुका है। अनुकूल मौसम परिस्थितियों के चलते मानसून के उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड के कुछ क्षेत्रों में भी जल्द पहुंचने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने बताया कि 24 से 25 जून तथा 29 से 30 जून के दौरान उत्तराखण्ड के कुछ स्थानों पर आंधी-तूफान, बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है।

इसके अलावा 27 से 30 जून के बीच प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा होने का अनुमान है। पर्वतीय क्षेत्रों में वर्षा की तीव्रता अधिक रहने की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग ने विशेष रूप से पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों, यात्रियों और चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से मौसम अपडेट पर नजर रखने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। भारी बारिश के दौरान भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, नदी-नालों और संवेदनशील मार्गों पर अतिरिक्त सावधानी बरतने की आवश्यकता बताई गई है।

प्रदेश में मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ ही आगामी दिनों में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है, जिससे गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

देवभूमि खबर

Related articles