राज्य आंदोलनकारी कर्मचारी संगठन का प्रादेशिक सम्मेलन सम्पन्न, आश्रितों को 10% आरक्षण और पुरानी पेंशन की मांग प्रमुख रही

देहरादून। उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी कर्मचारी कल्याण एसोसिएशन का प्रादेशिक सम्मेलन शुक्रवार को कचहरी स्थित शहीद स्मारक में आयोजित किया गया। सम्मेलन में राज्य आंदोलनकारी कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी सम्मान परिषद की उपाध्यक्ष श्रीमती चारु कोठारी उपस्थित रहीं।
बैठक की अध्यक्षता संगठन के अध्यक्ष संतन सिंह रावत ने की, जबकि संचालन महासचिव संजय तिवारी एवं कोषाध्यक्ष ललित चंद्र जोशी ने किया। सम्मेलन का मुख्य एजेंडा राज्य आंदोलनकारी कर्मचारियों के आश्रितों को 10 प्रतिशत आरक्षण का लाभ दिए जाने तथा शासनादेश संख्या-1269, दिनांक 11 अगस्त 2004 के तहत आंदोलनकारी कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) की परिधि में शामिल किए जाने की मांग रहा।
मुख्य अतिथि श्रीमती चारु कोठारी ने संगठन की मांगों पर सकारात्मक रुख व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया कि इन मुद्दों को गंभीरता से उठाया जाएगा और चुनाव से पूर्व इन मांगों को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
सम्मेलन में केशव उनियाल, जगमोहन सिंह नेगी, भूपेंद्र सिंह देव (ताऊ) सहित अनेक वक्ताओं ने अपने विचार रखे और राज्य आंदोलनकारी कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में संगठन के अध्यक्ष संतन सिंह रावत, महासचिव संजय तिवारी, उपाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह देव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनमोहन नेगी, प्रांतीय संयुक्त मंत्री उमा दत्त जुगरान, कोषाध्यक्ष ललित चंद्र जोशी सहित बड़ी संख्या में उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी कर्मचारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

