ग्राफिक एरा अस्पताल पर मरीजों से लूट और अनियमितताओं के आरोप, जन संघर्ष मोर्चा ने किया तहसील घेराव

ग्राफिक एरा अस्पताल पर मरीजों से लूट और अनियमितताओं के आरोप, जन संघर्ष मोर्चा ने किया तहसील घेराव
Spread the love

विकासनगर। जन संघर्ष मोर्चा ने ग्राफिक एरा हॉस्पिटल, धूलकोट पर मरीजों के शोषण, अनावश्यक ऑपरेशन कराने, मृत मरीजों के परिजनों से कथित वसूली तथा आयुष्मान योजना में अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगाते हुए तहसील परिसर में प्रदर्शन किया।

मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी विनोद कुमार को सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की।

मोर्चा अध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रबंधन मरीजों और उनके परिजनों में भय का माहौल बनाकर अनावश्यक ऑपरेशन कराने और लाखों रुपये वसूलने का काम कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि कई मामलों में जिन मरीजों को ऑपरेशन की आवश्यकता नहीं थी, उन्हें भी ऑपरेशन के लिए दबाव बनाया गया।

नेगी ने आरोप लगाया कि हाल ही में एक माइनर ब्रेन हेमरेज के मरीज से तत्काल ऑपरेशन के नाम पर 25 लाख रुपये जमा कराने की बात कही गई, जबकि दूसरे विशेषज्ञ चिकित्सक ने बिना ऑपरेशन के करीब सवा लाख रुपये के इलाज में मरीज को स्वस्थ कर घर भेज दिया। उन्होंने एक अन्य मामले का भी उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि मरीज की मृत्यु के बाद परिजनों से स्टेंट और अन्य उपचार के नाम पर करीब सवा दो लाख रुपये मांगे गए, लेकिन हस्तक्षेप के बाद लगभग 18–20 हजार रुपये में शव परिजनों को सौंपा गया।

मोर्चा ने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल में अन्य राज्यों से आने वाले मरीजों से अधिक धनराशि वसूली जाती है तथा आयुष्मान भारत योजना के तहत फर्जी इलाज दर्शाकर सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका है।

संगठन ने इन आरोपों की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई तो मोर्चा न्यायालय की शरण लेगा।

प्रदर्शन में मोर्चा के महासचिव आकाश पंवार सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles