विक्रांत हत्याकांड का मुख्य आरोपी बंटी ठाकुर गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद

रुद्रपुर। किच्छा पुलिस ने चर्चित विक्रांत हत्याकांड के मुख्य आरोपी स्वदेश कुमार सिंह उर्फ बंटी ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त 7.65 एमएम पिस्टल भी बरामद की गई है। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 की भी बढ़ोतरी की है।
पुलिस के अनुसार 26 जून 2026 को हरिमंदिर गली, मेन बाजार रुद्रपुर निवासी कंचन ने अपने पुत्र विक्रांत की हत्या के संबंध में थाना किच्छा में मुकदमा दर्ज कराया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सितारगंज के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक किच्छा के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा व्यापक पूछताछ और सुरागरसी की। इस बीच मुख्य आरोपी बंटी ठाकुर रुद्रपुर के चीमा अस्पताल में उपचाराधीन था। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद 2 जुलाई को पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की और विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पिस्टल बरामद की गई। पुलिस के अनुसार आरोपी का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी विभिन्न मामलों में जेल जा चुका है।
पुलिस ने बताया कि इस हत्याकांड में बंटी ठाकुर सहित अब तक कुल सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है तथा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई को सफल बनाने वाली टीम में निरीक्षक रवि कुमार सैनी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुराग सिंह, उपनिरीक्षक बसंत प्रसाद, हेड कांस्टेबल विनोद कुमार, कांस्टेबल राकेश काण्डपाल और कांस्टेबल त्रिलोक सिंह शामिल रहे।

