HTML tutorial
HTML tutorial

16 से 23 सितंबर तक धूमधाम से होगा नैनीताल का ऐतिहासिक माँ नन्दा-सुनन्दा देवी महोत्सव, 23 उपसमितियों का गठन

16 से 23 सितंबर तक धूमधाम से होगा नैनीताल का ऐतिहासिक माँ नन्दा-सुनन्दा देवी महोत्सव, 23 उपसमितियों का गठन
Spread the love

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और आस्था का प्रतीक माँ नन्दा-सुनन्दा देवी महोत्सव 2026 आगामी 16 से 23 सितंबर तक भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। महोत्सव की तैयारियों को लेकर श्री राम सेवक सभा की बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयोजन को सफल बनाने के लिए 23 उपसमितियों का गठन किया गया।

श्री राम सेवक सभा के पदाधिकारियों ने बताया कि पंचांग एवं आचार्यों की सलाह के अनुसार 16 सितंबर (पंचमी) को कदली दल वृक्ष रवाना के साथ महोत्सव का शुभारंभ होगा। 19 सितंबर (भाद्रपद अष्टमी) को ब्रह्ममुहूर्त में माँ नन्दा-सुनन्दा की मूर्तियों की स्थापना की जाएगी, जबकि 23 सितंबर को पारंपरिक डोला नगर भ्रमण निकाला जाएगा। इसके अलावा कन्या पूजन, विश्व शांति हवन और महाभंडारे सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम निर्धारित तिथियों पर आयोजित होंगे।

श्री राम सेवक सभा के डॉ. ललित तिवारी ने बताया कि महोत्सव के सफल आयोजन के लिए सरकार, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर पालिका, डीएसए सहित सभी संबंधित विभागों का सहयोग लिया जाएगा। साथ ही शहर के गणमान्य नागरिकों, महिलाओं और श्रद्धालुओं से सुझाव एवं सहयोग प्राप्त करने के लिए अलग-अलग बैठकें भी आयोजित की जाएंगी।

उन्होंने कहा कि माँ नन्दा-सुनन्दा देवी महोत्सव उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं का जीवंत उत्सव है, जिसमें सभी की सहभागिता महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि इस महोत्सव की शुरुआत वर्ष 1903 में स्वर्गीय मोतीराम साह ने की थी और 1926 से श्री राम सेवक सभा इसके आयोजन एवं सांस्कृतिक संरक्षण का दायित्व निभा रही है।

बैठक की अध्यक्षता मनोज साह ने तथा संचालन जगदीश बवाड़ी ने किया। बैठक में घनश्याम लाल साह, अशोक साह, राजेंद्र बिष्ट, विमल चौधरी, बिमल साह, राजेंद्र लाल साह, दीपक साह, गिरीश भट्ट, आनंद बिष्ट, राजेंद्र बजेठा, देवेंद्र लाल साह, भीम सिंह कार्की, कैलाश बोरा, भुवन बिष्ट सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles