अपर आयुक्त ताजबर सिंह जग्गी को मिला ‘Best Drug Controller of India’ पुरस्कार

देहरादून। खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FDA) उत्तराखण्ड के अपर आयुक्त ताजबर सिंह जग्गी को विभागीय कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन, प्रभावी नेतृत्व और जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘Best Drug Controller of India’ राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इस सम्मान से न केवल विभाग बल्कि पूरे उत्तराखण्ड का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ है।
ताजबर सिंह जग्गी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड FDA ने खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। विभाग ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, मिलावटखोरी के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाने, खाद्य प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण, नमूनों की जांच तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई को प्राथमिकता दी है।
औषधि प्रशासन के क्षेत्र में भी विभाग ने दवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने, अवैध एवं नकली दवाओं के कारोबार पर अंकुश लगाने तथा मेडिकल स्टोरों और दवा निर्माण इकाइयों की नियमित निगरानी को और अधिक प्रभावी बनाया है। विभाग ने प्रवर्तन कार्रवाई के साथ-साथ जनजागरूकता अभियानों को भी गति दी है, जिससे लोगों को सुरक्षित खाद्य पदार्थ और गुणवत्तापूर्ण औषधियां उपलब्ध कराने के प्रयासों को मजबूती मिली है।
ताजबर सिंह जग्गी की परिणामोन्मुख कार्यशैली, सख्त प्रशासनिक दृष्टिकोण और बेहतर समन्वय के चलते उत्तराखण्ड FDA ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों और शुभचिंतकों ने उन्हें इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान के लिए बधाई देते हुए इसे पूरे उत्तराखण्ड के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।

