सहसपुर जनसेवा शिविर में 1,000 से अधिक लोगों ने कराया पंजीकरण, मुख्यमंत्री ने मौके पर ही जनसमस्याओं के समाधान के दिए निर्देश

सहसपुर जनसेवा शिविर में 1,000 से अधिक लोगों ने कराया पंजीकरण, मुख्यमंत्री ने मौके पर ही जनसमस्याओं के समाधान के दिए निर्देश
Spread the love

देहरादून।मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को सहसपुर स्थित श्री गुरु रामराय पब्लिक स्कूल में ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ अभियान के अंतर्गत आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ जनसेवा शिविर में प्रतिभाग किया। इस दौरान 1,000 से अधिक लोगों ने पंजीकरण कर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त किया। शिविर में पात्र लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, सहायता सामग्री एवं अन्य सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराई गईं, जबकि विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी और सेवाएं मौके पर ही प्रदान की गईं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य शासन-प्रशासन को जनता के द्वार तक पहुंचाना है ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने बताया कि अभियान के पहले चरण में प्रदेशभर में लगभग 700 जनसेवा शिविर आयोजित किए गए, जिनमें पांच लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया। वहीं, 4 जुलाई से शुरू हुए सेवा पखवाड़े के दौरान अब तक 64 हजार से अधिक नागरिक लाभान्वित हुए हैं तथा प्राप्त 5,567 शिकायतों में से 4,951 का समाधान किया जा चुका है।

शिविर के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कारबारी ग्रांट में दो माह के भीतर 30 सोलर लाइट लगाने, एक महिला लाभार्थी को तत्काल सिलाई मशीन उपलब्ध कराने, सेलाकुई क्षेत्र में सड़क, नाली एवं जल निकासी कार्यों में तेजी लाने, भाऊवाला में श्मशान घाट निर्माण, बंदोबस्त संबंधी समस्याओं का 15 दिनों में समाधान, पार्क व ओपन जिम निर्माण तथा बड़ोवाला में डिस्पेंसरी और एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, निवेश और उद्योग सहित सभी क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकसित भारत के लिए विकसित उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने और प्रत्येक नागरिक तक विकास एवं जनकल्याण का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

देवभूमि खबर

Related articles