नैनीताल में खिली गुनगुनी धूप, वीकेंड पर पर्यटकों की बढ़ी रौनक; नौकायन और दर्शनों का लिया आनंद

रिपोर्ट। ललित जोशी।
नैनीताल। लगातार तीन दिनों तक हुई बारिश के बाद शनिवार को सरोवर नगरी नैनीताल में मौसम ने करवट ली। सुबह से आसमान साफ रहने और गुनगुनी धूप निकलने से शहर में फिर से चहल-पहल लौट आई। वीकेंड के चलते पर्यटकों की संख्या में भी लगातार इजाफा देखने को मिला। पर्यटकों ने नैनी झील में नौकायन का आनंद लेने के साथ ही नैना देवी मंदिर और बाबा नीम करौली धाम के दर्शन किए तथा अन्य पर्यटन स्थलों का भी भ्रमण किया।
गौरतलब है कि 8 जुलाई से 10 जुलाई की देर रात तक लगातार बारिश का दौर जारी रहने के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ था। मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए जिला अधिकारी ललित मोहन रयाल ने दो दिनों के लिए स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया था।
शनिवार सुबह मौसम साफ होते ही पर्यटकों की आवाजाही बढ़ गई। धूप निकलने से स्थानीय लोगों ने भी राहत महसूस की और लगातार बारिश के कारण भीगे कपड़े व अन्य सामान सुखाए। वहीं, पर्यटकों की आमद बढ़ने से बाजारों में रौनक लौट आई, जिससे दुकानदारों के चेहरों पर भी मुस्कान दिखाई दी। फिलहाल मौसम साफ रहने से पूरे शहर में उत्साह और चहल-पहल का माहौल बना हुआ है।

