कांवड़ मेले से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग सख्त, होटलों-ढाबों पर छापेमारी, कई पर कार्रवाई

कांवड़ मेले से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग सख्त, होटलों-ढाबों पर छापेमारी, कई पर कार्रवाई
Spread the love

हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मंगलवार को बहादराबाद–कलियर कांवड़ पटरी मार्ग, भूपतवाला और दूधाधारी चौक क्षेत्र में होटलों, ढाबों, रेस्टोरेंटों और खाद्य प्रतिष्ठानों पर सघन निरीक्षण अभियान चलाया। अभियान के दौरान बिना लाइसेंस संचालित प्रतिष्ठानों, गंदगी और खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करते हुए कई कारोबारियों को नोटिस जारी किए गए तथा न्यायालय में वाद दायर किए गए।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि कांवड़ मेले के दौरान विभाग तीन चरणों में विशेष अभियान चलाएगा। निरीक्षण के दौरान खाद्य लाइसेंस, फूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड, स्वच्छता, रेट लिस्ट, खाद्य गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की जांच की जा रही है। साथ ही खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के प्रावधानों की जानकारी देकर नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जा रहा है।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र के नेतृत्व में भूपतवाला और दूधाधारी चौक क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान एक होटल बिना फूड रजिस्ट्रेशन के संचालित मिला, जिसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की गई। इसके अलावा बिना पंजीकरण खाद्य व्यवसाय चलाने, एक्सपायरी खाद्य सामग्री बेचने और अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य कारोबार करने के आरोप में छह कारोबारियों के खिलाफ अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) न्यायालय में वाद दायर किए गए।

वहीं वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन के नेतृत्व में दूसरी टीम ने बहादराबाद–कलियर कांवड़ पटरी मार्ग पर स्थित 13 होटलों, ढाबों और रेस्टोरेंटों का निरीक्षण किया। इस दौरान चार प्रतिष्ठान बिना खाद्य लाइसेंस या पंजीकरण के संचालित पाए गए, जिन्हें मौके पर नोटिस जारी कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

विभाग ने यह भी बताया कि लक्सर क्षेत्र से पूर्व में लिए गए मावा के नमूने प्रयोगशाला जांच में असुरक्षित पाए जाने पर संबंधित निर्माता के खिलाफ मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, हरिद्वार के न्यायालय में अभियोजन की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों से अपील की है कि वे खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करें, स्वच्छता बनाए रखें और वैध लाइसेंस एवं पंजीकरण के साथ ही खाद्य व्यवसाय संचालित करें, ताकि कांवड़ मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जा सके।

देवभूमि खबर

Related articles