बूढ़पुर हत्याकांड का खुलासा: साथियों की झूठी साजिश बेनकाब, तीन आरोपी गिरफ्तार

बूढ़पुर हत्याकांड का खुलासा: साथियों की झूठी साजिश बेनकाब, तीन आरोपी गिरफ्तार
Spread the love

हरिद्वार। कोतवाली मंगलौर क्षेत्र के ग्राम बूढ़पुर जट्ट में हुए चर्चित गोलीकांड का हरिद्वार पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि जिन लोगों पर हत्या का आरोप लगाया गया था, वे निर्दोष थे। मृतक के साथ मौजूद उसके तीन साथियों ने ही पुरानी रंजिश के चलते निर्दोष लोगों को फंसाने के लिए झूठी कहानी रची थी। पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर घटना में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद कर लिया है।

11 जुलाई 2026 की शाम बूढ़पुर जट्ट स्थित एक खेत में युवक सौरभ पुत्र राजेन्द्र को गोली लगने की सूचना मिली थी। पुलिस ने घायल सौरभ को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। प्रारंभिक तहरीर के आधार पर रोबिन, अनुज और प्रदुमन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित कर गहन और निष्पक्ष जांच शुरू की गई। घटनास्थल के वैज्ञानिक निरीक्षण, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, स्थानीय इनपुट और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण में प्रारंभिक तहरीर की कहानी संदिग्ध पाई गई।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि मृतक सौरभ अपने साथियों के साथ एक अवैध तमंचा लेकर बूढ़पुर जट्ट पहुंचा था। तमंचे की जांच के दौरान अचानक गोली चल गई, जो सौरभ को लग गई और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद उसके साथियों ने पुरानी रंजिश का फायदा उठाते हुए अनुज, रोबिन और प्रदुमन को झूठे हत्या के मुकदमे में फंसाने की साजिश रचकर पुलिस को भ्रामक सूचना दी।

पुलिस की निष्पक्ष विवेचना में सच्चाई सामने आने पर झूठी कहानी का पर्दाफाश हुआ। पुलिस ने सुमित, डिम्पल और आशीष को हिरासत में लिया तथा एक आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तमंचा बरामद किया। विवेचना में सामने आए तथ्यों के आधार पर मुकदमे में आवश्यक वैधानिक संशोधन करते हुए गैर-इरादतन हत्या से संबंधित धाराएं शामिल की गई हैं। पुलिस आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।

देवभूमि खबर

Related articles