उत्कृष्ट कार्य करने वाले 10 पुलिसकर्मी सम्मानित, अपराध नियंत्रण को लेकर एसएसपी के कड़े निर्देश

रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति की अध्यक्षता में मंगलवार को पुलिस कार्यालय में मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों को कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण तथा लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए कड़े दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले 10 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया।
एसएसपी ने विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी (कबूतरबाजी) करने वाले एजेंटों के खिलाफ तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही जनपद में संचालित इमिग्रेशन एजेंसियों के दस्तावेजों एवं इमिग्रेशन लाइसेंसों की गहन जांच करने को कहा। उन्होंने जमीन से जुड़ी धोखाधड़ी और भू-माफियाओं के मामलों में भी त्वरित एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में नशा तस्करी के विरुद्ध अभियान को और तेज करने, नशा कारोबार में संलिप्त लोगों को चिन्हित कर जेल भेजने तथा यदि किसी पुलिसकर्मी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध तत्काल कार्रवाई कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजने के निर्देश दिए गए।
एसएसपी ने चौकी स्तर पर असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई, न्यायालयों से जारी लंबित ई-समनों का शत-प्रतिशत निस्तारण तथा बाहरी राज्यों से जारी शस्त्र लाइसेंसों का गहन सत्यापन करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने एक वर्ष या उससे अधिक समय से लंबित साइबर अपराधों की विवेचनाओं को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने, चालान प्रक्रिया की गुणवत्ता सुधारने तथा आधुनिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने के लिए ट्रैफिक और सीपीयू कर्मियों को ड्यूटी के दौरान बॉडी वॉर्न कैमरा एवं हेडसेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने को कहा।
एसएसपी ने थाना एवं चौकी प्रभारियों को आम नागरिकों और व्यापारियों को अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी क्षेत्र में फायरिंग की घटना होती है तो संबंधित चौकी प्रभारी की जवाबदेही तय करते हुए उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 10 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

