चढ़ावा चोरी मामले में दूसरे आरोपी के कथित खुलासे का दावा, BKTC अध्यक्ष पर लगाए गंभीर आरोप; हेमंत द्विवेदी से इस्तीफे की मांग: गणेश गोदियाल

चढ़ावा चोरी मामले में दूसरे आरोपी के कथित खुलासे का दावा, BKTC अध्यक्ष पर लगाए गंभीर आरोप; हेमंत द्विवेदी से इस्तीफे की मांग: गणेश गोदियाल
Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बद्रीनाथ धाम चढ़ावा चोरी मामले में नए खुलासों का हवाला देते हुए बद्री-केदार मंदिर समिति (BKTC) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी से तत्काल इस्तीफे की मांग की है। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में गोदियाल ने आरोप लगाया कि मामले में गिरफ्तार दूसरे आरोपी राजेंद्र चौहान ने जांच में बताया है कि उसे प्रमोद नौटियाल से निर्देश मिलते थे और नौटियाल को BKTC अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी आदेश देते थे।

गोदियाल ने कहा कि यदि जांच में ऐसे तथ्य सामने आए हैं तो यह मामला केवल कुछ कर्मचारियों तक सीमित नहीं, बल्कि उच्च स्तर तक पहुंचता दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए हेमंत द्विवेदी को नैतिक आधार पर तुरंत इस्तीफा देना चाहिए अथवा सरकार उन्हें पद से हटाए।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की चुप्पी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस संवेदनशील मामले पर सरकार को स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए। उन्होंने पूर्व में लगाए गए आरोपों को दोहराते हुए कहा कि बद्रीनाथ धाम के चढ़ावे से जुड़े राशन और धन का राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल किए जाने की भी जांच होनी चाहिए।

गोदियाल ने आरोप लगाया कि सरकार पुराने मामलों का हवाला देकर मूल मुद्दे से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लंबे समय से विभिन्न मामलों में निष्पक्ष जांच की मांग करती रही है और इस प्रकरण में भी पारदर्शिता आवश्यक है।

कांग्रेस ने मांग की कि पूरे मामले की जांच किसी उच्च स्तरीय स्वतंत्र समिति से कराई जाए, जिसकी अध्यक्षता सर्वोच्च न्यायालय या उच्च न्यायालय के किसी वर्तमान न्यायाधीश द्वारा की जाए।

पत्रकार वार्ता में प्रदेश महामंत्री (संगठन) राजेंद्र भंडारी, प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, प्रवक्ता अभिनव थापर, राजेश चमोली, अमरजीत सिंह और अश्वनी बहुगुणा सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles